हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति नारों से गूंज रहा जिला नारायणपुर
जिलेभर में निकाली जा रही भव्य तिरंगा रैली
नारायणपुर, 14 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस के नेतृत्व में भव्य तिरंगा रैलियां निकाली जा रही है। कुरुषनार, फरसगांव, एड़का, धनोरा, छोटेडोंगर, ओरछा और धौड़ाई थाना क्षेत्रों में आयोजित इन रैलियों में पुलिस बल, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हर घर तिरंगा अभियान की भावना को जीवंत करते हुए रैलियां मुख्य सड़कों, गलियों और ग्राम चौपालों से गुजरते हुए पूरे क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस का उत्सवपूर्ण माहौल फैलाती रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना, राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और एकता एवं अखंडता का संदेश देना रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, तिरंगे के महत्व और नागरिक कर्तव्यों पर प्रेरणादायक संदेश भी दिए।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि तिरंगा रैली केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपने देश के इतिहास और मूल्यों से जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान जैसी गतिविधियां युवाओं में देशप्रेम और जिम्मेदारी की भावना को और प्रबल बनाती हैं।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, बलिदान और स्वतंत्रता का प्रतीक है, जो हमें स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों की याद दिलाता है और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है।