महतारी वंदन योजना

महतारी वंदन योजना ने दी एतवारिन को आत्मनिर्भरता की राह विष्णु के सुशासन में महिलाएं आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर

महतारी वंदन योजना ने दी एतवारिन को आत्मनिर्भरता की राह

विष्णु के सुशासन में महिलाएं आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर

नारायणपुर, 17 जुलाई 2025 राज्य में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना लागू की है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को दूर करते हुए, उनके स्वास्थ्य में सुधार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत, पात्र विवाहित, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है।
जिले की श्रीमती एतवारिन कुमेटी, ग्राम बासिंग की एक साधारण महिला हैं, जो वर्षों से खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। सीमित संसाधनों और कठिन जीवन परिस्थितियों के बीच, उन्होंने कभी हार नहीं मानी। लेकिन उनके जीवन में एक नया मोड़ तब आया, जब उन्हें महतारी वंदन योजना की जानकारी प्राप्त हुई। एतवारिन बताती हैं कि योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के पश्चात उनके बैंक खाते में हर महीने 1000 रुपये की राशि आने लगी। यह नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं थी।
इस राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने मुर्गी पालन का व्यवसाय शुरू किया। धीरे-धीरे इस छोटे व्यवसाय ने आकार लेना शुरू किया और उनकी आमदनी बढ़ने लगी। आज एतवारिन का परिवार न केवल आर्थिक रूप से सशक्त है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी अग्रसर है। वह गर्व से कहती हैं, अब तक मुझे इस योजना के तहत 17 हजार रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इस राशि ने न सिर्फ मेरी आर्थिक स्थिति सुधारी, बल्कि मेरे आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और सोच में भी सकारात्मक बदलाव लाया है।
एतवारिन अब गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। वह बताती हैं कि गांव की एक सामान्य महिला होते हुए भी वह अब आत्मनिर्भर हैं और अपने छोटे व्यवसाय का सपना पूरा कर पाई हैं। एतवारिन कुमेटी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं, महतारी वंदन योजना हमारे जैसे हजारों जरूरतमंद महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह योजना सिर्फ सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में पहला मजबूत कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *