1 जून को भोंगापाल बुद्ध महोत्सव
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय होंगे मुख्य अतिथि
विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह करेंगे अध्यक्षता
भोंगापाल में बनेगा छत्तीसगढ़ का प्रथम बुद्ध शांति पार्क
नारायणपुर – छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी मे 1 जून 2025 को बस्तर संभाग के भोंगापाल में राज्य स्तरीय भोंगापाल बुद्ध महोत्सव का आयोजन हो रहा है। भोंगापाल बुद्ध महोत्सव के आयोजक श्री नीलकंठ टेकाम विधायक केशकाल विधायक ने बताया कि बस्तर में युद्ध नहीं बुद्ध की शांति के ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दृष्टिगत रखते हुए भोंगापाल बुद्ध महोत्सव के इस राज्य स्तरीय आयोजन में अद्भुत, अद्वितीय और अनुपम बौद्ध शांति पार्क निर्माण करने की भी पहल की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य में महासमुंद जिले के सिरपुर में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध स्थल अपनी पूरी ऐतिहासिकता और समृद्ध पुरातात्विक विरासत के साथ मौजूद है। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा बौद्ध स्थल बस्तर अंचल के भोंगापाल में है जहां पर पुरातात्विक ऐतिहासिक महत्व की बौद्ध कालीन अनेक मूर्तियां और अवशेष क्षेत्र में बिखरे हुए हैं। इसे संरक्षित और संवर्धित करने के लिए तथा श्रेष्ठ श्रेणी का पुरातत्व स्थल घोषित करने के लिए भोंगापाल बुद्ध महोत्सव आयोजन समिति केंद्रीय पुरातत्व विभाग सहित छत्तीसगढ़ शासन व पुरातत्व विभाग को प्रस्ताव भेजेगी।
भोंगापाल बुद्ध महोत्सव के संयोजक अनिल खोबरागड़े भोंगापाल बुद्ध चैत्यगृह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है ,भगवान बुद्ध आज और ज्यादा प्रासंगिक है। आदिकाल से ही भोंगापाल क्षेत्र का समृद्धशाली इतिहास रहा है। विश्व को प्रज्ञा,शील, करूणा एवं शांति का संदेश देने वाले भगवान गौतम बुद्ध आज भी प्रासंगिक है , बुद्ध ज्यादा ज्ञानी थे वैज्ञानिक थे । सभी लोगों के सहयोग से बुद्ध के इस प्रतिज्ञा स्थल चैत्य गृह भोंगापाल को पुर्नजीवित करेंगे ।
सिरपुर,भोंगापाल जैसे अन्य क्षेत्रों की कलाकृति एवं निर्माण की अवधि एक समान है। हर काल एवं समय में अलग अलग तकनीक होती है। यह क्षेत्र हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। छठी शताब्दी में भी हमारे पूर्वज समृद्ध शाली थे।गौतम बुद्ध कहते हैं कि आज के बारे में सोचो , तृष्णा को पार करने से मोक्ष बन जाता है। 15 सौ साल पहले यह क्षेत्र बुद्धिजम का क्षेत्र रहा होगा।बस्तर वासियों का विचार बुद्ध के विचार से मिलता है।
छत्तीसगढ़ बौद्ध समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक अनिल खोबरागड़े ने बताया कि भोंगापाल बुद्ध महोत्सव में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी होंगे एवं अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह जी करेंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, मंत्री श्री केदार कश्यप, मंत्री श्री रामविचार नेताम, श्री भोजराज नाग सांसद कांकेर, श्री महेश कश्यप सांसद बस्तर उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में श्री किरण सिंह देव विधायक जगदलपुर ,सुश्री लता उसेंडी विधायक कोंडागांव ,श्री विक्रम उसेंडी विधायक अंतागढ़ ,श्री आशाराम नेताम विधायक कांकेर, श्री विनायक गोयल विधायक चित्रकूट ,श्री चैतराम अट्टामी विधायक दंतेवाड़ा, श्री लखेश्वर बघेल विधायक बस्तर ,श्री विक्रम मंडावी विधायक बीजापुर ,श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी विधायक भानुप्रतापपुर सहित समस्त पंचायत पदाधिकारी एवं नगरीय निकाय पदाधिकारी बस्तर संभाग उपस्थित रहेंगे।